बट्ट गांव में तेज बारिश से बह गई पुलिया, आवागमन प्रभावित।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
सोनभद्र। लगातार हो रही तेज बारिश के चलते जनपद के करमा ब्लाक अन्तर्गत बट्ट गांव में स्थित पेट्रोल पंप के पास से कपिल के घर होते हुए राजबाहा तक जाने वाली सड़क पर बनी पुलिया तेज पानी के बहाव में बह गई। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से सड़क का एक हिस्सा भी प्रभावित हुआ है, जिससे ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी खड़ी हो गई है।
बारिश के दौरान पानी का तेज बहाव इतना अधिक रहा कि पुलिया के आसपास की मिट्टी और सड़क का हिस्सा भी कटकर बह गया। मौके पर पानी का तेज बहाव दिखाई दे रहा है, जिससे स्थिति को देखते हुए दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
पुलिया के बह जाने से इस मार्ग से आने-जाने वाले स्थानीय ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही क्षतिग्रस्त पुलिया और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मौके का निरीक्षण कर पुलिया की तत्काल मरम्मत कराने तथा आवागमन सुचारु कराने की मांग की है। साथ ही बारिश के दौरान लोगों से क्षतिग्रस्त मार्ग और तेज बहाव वाले स्थान से सावधानीपूर्वक गुजरने की अपील की गई है।





0 टिप्पणियाँ